एटा जनपद के रिजोर थाना क्षेत्र स्थित कन्हैया चौराहे पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 11वीं कक्षा के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बाजार करने के लिए एटा आए थे। हादसे के बाद घायल को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार गांव मुखरना, थाना पिलुआ निवासी शिवम पुत्र उमा (18 वर्ष) अपने साथी सागर उर्फ रंजीत पुत्र महिपाल (18 वर्ष) के साथ स्प्लेंडर बाइक से एटा बाजार करने आया था। दोनों युवक जैसे ही रिजोर थाना क्षेत्र के कन्हैया चौराहे के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सागर उर्फ रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल सागर उर्फ रंजीत को तत्काल वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

मृतक शिवम राम बाल भारती इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा का छात्र था। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है और परिजन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में उसका एक छोटा भाई है, जबकि उसकी बहन की शादी करीब छह माह पहले ही हुई थी। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक के ताऊ कैलाश कुमार ने बताया कि शिवम पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियां निभाने का सपना देख रहा था, लेकिन एक पल में हुए सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।

परिजनों ने बताया कि जिस स्प्लेंडर बाइक पर दोनों युवक सवार थे, उसे महज दो दिन पहले ही खरीदा गया था। नई बाइक की खुशियां परिवार अभी मना भी नहीं पाया था कि यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही रिजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा क्षतिग्रस्त बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया।

क्षेत्राधिकारी सकीट नितेश गर्ग ने बताया कि कैंटर और बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हुई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को एटा मेडिकल कॉलेज से हायर सेंटर रेफर किया गया है। फिलहाल थाना स्तर पर कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है तथा थाना पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। सड़क हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story