एटा में रक्षाबंधन से ठीक पहले हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कोतवाली देहात क्षेत्र में लिफ्टन चौकी के पास हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बी-फार्मा छात्र सचिन पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम बहादुरपुर, थाना मिरहची की आगरा ले जाते समय उपचार के दौरान मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि चारों बहनों की कलाई इस बार अपने इकलौते भाई की राखी के बिना ही सूनी रह जाएगी।

जानकारी के अनुसार सचिन किसी निजी कार्य से बाइक से एटा आ रहा था। इसी दौरान लिफ्टन चौकी के पास हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल वीरांगना अवंतीबाई लोधी राजकीय मेडिकल कॉलेज, एटा में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए देर रात आगरा रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उपचार के लिए उसे आगरा ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।

सचिन अविवाहित था और बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता वीरेंद्र सिंह किसान हैं। परिवार में चार बहनों के बीच वह इकलौता भाई था और घर की सबसे बड़ी उम्मीद माना जाता था।

मृतक की बड़ी बहन नीरू ने बिलखते हुए कहा, “रक्षाबंधन आने वाला है, लेकिन अब हम चारों बहनें किस भाई की कलाई पर राखी बांधेंगी। हमारा इकलौता भाई हमें छोड़कर चला गया।” इतना कहते ही वह फूट-फूटकर रोने लगी। चारों बहनें एक-दूसरे को संभालती नजर आईं। घर में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।

मृतक के पिता वीरेंद्र सिंह ने रुंधे गले से बताया कि उनके पांच बच्चों में सचिन इकलौता बेटा था। वह बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था और परिवार की उम्मीदों का केंद्र था। उन्होंने कहा, “हम किसान हैं। बड़ी मेहनत से बेटे को पढ़ा रहे थे ताकि वह अपने पैरों पर खड़ा हो सके, लेकिन सड़क हादसे ने हमारा इकलौता चिराग बुझा दिया।” इतना कहते ही वह भावुक होकर रोने लगे और आगे कुछ नहीं बोल सके।

बेटे की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी। वह बार-बार यही कहती रही कि, “घर के सभी लोग हैं, लेकिन मेरा बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।” परिजनों की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंच गए और परिवार को सांत्वना देने का प्रयास करते रहे।

कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक के.के. लोधी ने बताया कि परिजनों के अनुसार घटना सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। प्रथम दृष्टया बाइक सवार युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story