खेरवाड़ा में श्रावण मास के प्रथम सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर (बीस दुकान) सहित श्री वादेश्वर हनुमान महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं ने "हर-हर महादेव" और "ॐ श्री शिवाय नमस्तुभ्यम्" के जयघोष के साथ परिवार, क्षेत्र की सुख-समृद्धि और अच्छी वर्षा की कामना की।

श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी कैलाश जोशी ने बताया कि श्रावण मास के प्रथम सोमवार को मंदिर के पट प्रातः 4:30 बजे खोल दिए गए थे। सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं का दर्शन-पूजन के लिए आगमन शुरू हो गया। दर्शनार्थियों को क्रमबद्ध तरीके से दर्शन एवं पूजा का अवसर प्रदान किया गया। मंदिर की ओर से सभी भक्तों को बिल्व पत्र उपलब्ध कराए गए।

उन्होंने बताया कि सावन माह में मंदिर में प्रतिदिन प्रातः रुद्राभिषेक तथा सायंकाल भजन-कीर्तन के बाद महाआरती का आयोजन किया जाता है। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे से रात्रि 9 बजे तक खुला रहता है।

श्रावण सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं को कुरी लाल कलाल की ओर से प्रसाद स्वरूप केले वितरित किए गए। भक्तों ने नंदी महाराज के समीप बैठकर भगवान शिव एवं माता पार्वती से परिवार के कल्याण, सुख-शांति और क्षेत्र में अच्छी वर्षा की प्रार्थना की। भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान महादेव एवं इंद्रदेव की आराधना भी की गई।

वहीं श्री वादेश्वर हनुमान महादेव मंदिर में भी श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर के पुजारी राहुल व्यास के सान्निध्य में भक्तों ने भगवान शिव को बिल्व पत्र अर्पित किए तथा 108 रुद्राभिषेक संपन्न कराए। पूरे दिन मंदिर परिसर शिवभक्ति और धार्मिक वातावरण से सराबोर रहा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story