माउंट आबू में मौसम का जादू, 24 घंटे में 75 मिमी बारिश से पर्यटकों की उमड़ी भारी भीड़
माउंट आबू में बारिश और बादलों के खूबसूरत नजारे से पर्यटकों की भीड़ बढ़ी, 24 घंटे में 75 मिमी वर्षा और तीन दिनों में एक लाख पर्यटक पहुंचे।

तस्वीर में माउंट आबू की सड़कों और बाजारों में घूमते हुए पर्यटक और कोहरे से ढकी सड़क पर चलते वाहन नजर आ रहे हैं।
पश्चिम भारत के इकलौते पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में मौसम इन दिनों पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में यहां 75 मिलीमीटर यानी करीब 3 इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। कभी तेज तो कभी रुक-रुक कर हो रही बारिश और पहाड़ियों पर छाए बादलों ने ऐसा नजारा बना दिया है, मानो बादल जमीन को छू रहे हों।
मौसम के इस मनमोहक नजारे का आनंद लेने के लिए प्रतिदिन हजारों की संख्या में पर्यटक माउंट आबू पहुंच रहे हैं। पिछले तीन दिनों में एक लाख से अधिक पर्यटक माउंट आबू पहुंचे हैं। इनमें मुख्य रूप से गुजरात के पर्यटक शामिल हैं, वहीं देश के अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक इस सुहाने मौसम का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।
बारिश के कारण माउंट आबू में विजिबिलिटी पर भी असर पड़ा है, लेकिन बादलों का जमीन के करीब उतरता हुआ दृश्य पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है। पर्यटक इस प्राकृतिक नजारे को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं और मौसम का भरपूर आनंद उठा रहे हैं।
माउंट आबू में अब तक 750 मिलीमीटर यानी करीब 30 इंच बारिश हो चुकी है। लगातार हो रही वर्षा से पूरे क्षेत्र का वातावरण खुशनुमा बना हुआ है। बादलों की चादर और बारिश के बीच नक्की झील पर पर्यटक नाचते-गाते और उत्साह के साथ मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए।
नक्की झील पर गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित विभिन्न स्थानों से आए पर्यटकों ने इस मौसम को लेकर खुशी जाहिर की। हमारे संवाददाता ने नक्की झील पर पहुंचे पर्यटकों से खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने माउंट आबू के इस आकर्षक मौसम का अनुभव साझा किया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
