कांग्रेस की चुनावी तैयारी तेज, गंगापुर में जिताऊ प्रत्याशियों को टिकट देने का ऐलान
गंगापुर सिटी में कांग्रेस ने पंचायतीराज एवं निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक की। पार्टी ने मजबूत संगठन, बूथ कमेटियों और जिताऊ प्रत्याशियों के चयन की रणनीति पर किया मंथन।

तस्वीर में गंगापुर सिटी स्थित कांग्रेस कार्यालय में विधानसभा स्तरीय बैठक के दौरान मंच पर खड़े होकर संबोधित करते नेता और बैठे हुए पार्टी कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आगामी पंचायतीराज एवं निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को गंगापुर सिटी स्थित कांग्रेस कार्यालय, देवी स्टोर चौराहा पर विधानसभा स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती, संभावित प्रत्याशियों के चयन और बूथ स्तर तक पार्टी को सक्रिय करने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती इन्दिरा मीना ने की। इस अवसर पर जिला कांग्रेस प्रभारी जी.आर. खटाना, स्थानीय विधायक एवं उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीना, गंगापुर विधानसभा प्रभारी मनोज बैरवा, मण्डल प्रभारी बत्तीलाल बैरवा, राजेश पहाड़िया, अजय शर्मा, बंशीलाल मीना, सिराज भाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आगामी पंचायतीराज एवं निकाय चुनाव कांग्रेस संगठन के लिए महत्वपूर्ण हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक बूथ, ग्राम पंचायत, पंचायत समिति, जिला परिषद और नगरीय निकाय स्तर पर संगठन को मजबूत करने का कार्य किया जाएगा। चुनावी तैयारियों को समयबद्ध और योजनाबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी चर्चा की गई।
कार्यकर्ताओं के साथ संभावित प्रत्याशियों, स्थानीय परिस्थितियों, संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने स्पष्ट किया कि टिकट वितरण में ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनकी क्षेत्र में मजबूत पकड़, स्वच्छ छवि, जनस्वीकार्यता और जीतने की सर्वाधिक संभावना होगी। कांग्रेस का लक्ष्य अधिक से अधिक सीटों पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करना रहेगा।
स्थानीय विधायक एवं उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीना ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर आगामी पंचायतीराज एवं निकाय चुनावों में कांग्रेस ऐतिहासिक सफलता प्राप्त करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
रामकेश मीना ने कहा कि संगठन सर्वोपरि है और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका पार्टी की जीत की आधारशिला बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जिस भी प्रत्याशी को टिकट देगी, सभी कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर उसे चुनाव जिताने के लिए कार्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई कार्यकर्ता कांग्रेस प्रत्याशी के विरुद्ध या पार्टी के विरुद्ध कार्य करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का संकल्प नगरपरिषद गंगापुर सिटी में कांग्रेस का सभापति एवं प्रधान तथा जिला परिषद बनाने का है। उन्होंने यह भी कहा कि टिकट में 50 वर्ष से कम उम्र के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही बूथ स्तर से वार्ड स्तर तक एक कमेटी का गठन किया जाएगा, जो अपने स्तर पर संबंधित वार्ड के प्रत्याशी की भौगोलिक स्थिति, कार्यप्रणाली और सक्रिय भूमिका की जानकारी कांग्रेस हाईकमान को देगी। इसके आधार पर वार्ड प्रत्याशी का चयन कर पार्षद चुनाव जिताने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि नगरपरिषद वार्ड, नगरपालिका वार्ड और पंचायतीराज चुनावों में कांग्रेस पार्टी सक्रिय भूमिका निभाकर पार्टी प्रत्याशियों को विजयी बनाने का कार्य करेगी और नगरपरिषद सभापति, नगरपालिका अध्यक्ष, प्रधान एवं जिला परिषद चुनावों में सफलता हासिल करने का प्रयास करेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती इन्दिरा मीना ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जा रहा है। प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों, जनहितकारी सोच और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करते हुए कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल तैयार करे।
जिला कांग्रेस प्रभारी जी.आर. खटाना ने कहा कि चुनावों में सफलता का मूल मंत्र मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।
गंगापुर विधानसभा प्रभारी मनोज बैरवा ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम का गठन कर कांग्रेस को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का सबसे बड़ा आधार होगी।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी पंचायतीराज एवं निकाय चुनावों में कांग्रेस के अधिकाधिक प्रत्याशियों को विजयी बनाने तथा संगठन के निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने का संकल्प लिया।
बैठक का मंच संचालन पीसीसी सदस्य मुकेश शर्मा देहात ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष शहर नवीन खान, ग्रामीण अध्यक्ष छोटेलाल व्यास, पीसीसी सदस्य अब्दुल वहाब, पार्षद आकिब खान, फिरोज खान, मदन पचौरी, महबूब अली, राजा वाल्मिकी, इस्माईल, शिवहरी मीना, कृष्णकुमार गोयल, पार्षद प्रतिनिधि मुबारिक अली, अनवर अली, जावेद अली, पूर्व पार्षद गुलाबुद्दीन खान तेली, पूर्व पार्षद घनश्याम रावत, रविकान्त मिश्रा, वीरेन्द्र अग्रवाल, वीकेश खण्डेलवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी काडू पहलवान, बृजनन्दन दीक्षित, वजीरपुर नगर अध्यक्ष गोपाललाल बैरवा, जगदीश बैरवा, शिमला बैरवा, धनेश्वरी, नीलू अमेरिया, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी हाजी जमील खां, भगवानसहाय गुर्जर, किशन जाटव, मण्डल अध्यक्ष लहरी प्रजापत, नेतराम बैरवा, शहीद शाहीन, बाबूलाल गुप्ता, रामजीलाल सैनी, अमरसिंह मीना, रूपसिंह मीना, हरदयाल जाटव, राकेश मीना, मोहम्मद हुसैन, युवा कार्यकर्ता साजिद अली, अभिषेक राणवा, अब्दुल सत्तार, हरि पेन्टर, अवतार मीना, रामहरि मीना, नेमी डोब, श्रीलाल माली पूर्व पार्षद, कैलाशचन्द, रूपचन्द माली, दीपचन्द जांगिड़, एडवोकेट प्यारेलाल मीना, पुष्पेन्द्र मीनापाड़ा, दिलखुश गोला, लखन वाल्मिकी, विश्राम मीना आदि सैंकड़ों की तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
