मुंबई में गूंजेंगी मेवाड़ की भक्ति स्वर लहरियां, श्री किलेश्वर महादेव के नाम सजेगी भव्य भजन संध्या

तस्वीर में बाएं से दाएं छह लोग इंडोर सेटिंग में खड़े होकर पोज़ देते हुए नजर आ रहे हैं।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर श्री मंड महादेव युवा मंडल एवं 24 श्रेणी पालीवाल ब्राह्मण समाज, वोराट (मुंबई) के संयुक्त तत्वावधान में 3 अगस्त को "श्री किलेश्वर महादेव के नाम एक शाम" का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत विशाल भजन संध्या, मंगलिक कार्यक्रम एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा, जिसमें मेवाड़ की भक्ति स्वर लहरियां मुंबई में गूंजेंगी।
समाजसेवी देवी लाल पालीवाल ने बताया कि कार्यक्रम 3 अगस्त 2026 (सोमवार) को आयोजित होगा। भजन संध्या रात्रि 8 बजे से प्रभु इच्छा तक चलेगी, जबकि महाप्रसादी रात्रि 9 बजे से प्रातः 5 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि इस भक्ति संध्या में मेवाड़ के प्रसिद्ध भजन कलाकार भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान करेंगे। भजन गायक जगदीश वैष्णव, लेहरूदास वैष्णव तथा भजन गायिका अनीता जांगिड़ अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को शिव भक्ति के रंग में रंगेंगे। कार्यक्रम का मंच संचालन विनायक जोशी करेंगे।
देवी लाल पालीवाल ने समाजजनों एवं शिव भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा भगवान श्री किलेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर आयोजित यह धार्मिक आयोजन मुंबई में मेवाड़ की सांस्कृतिक एवं भक्ति परंपरा को साकार रूप में प्रस्तुत करेगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
