कोटा राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026: अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आज
विजयश्री रंगमंच पर आयोजित कवि सम्मेलन में देश के ख्यातनाम कवि काव्यपाठ करेंगे, वहीं साफा, मांडना और मेहंदी प्रतियोगिताओं से लोक कला का प्रदर्शन होगा।

कोटा। राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 में मंगलवार को साहित्य, कला और राजस्थानी परंपराओं का संगम देखने को मिलेगा। मेले के विजयश्री रंगमंच पर रात 8:30 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देश के ख्यातनाम रचनाकार अपनी रचनाओं से श्रोताओं को रूबरू कराएंगे। इसके साथ ही दिन में रंगोली, मांडना और मेहंदी प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि शाम को साफा और कोटा पाग प्रतियोगिता के जरिए राजस्थानी संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
महापौर अनुसूइया गोस्वामी ने बताया कि अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित रचनाकार सत्यनारायण सत्तन, जगदीश सोलंकी, शशिकांत यादव, अंजुम रहबर, कविता तिवारी, चेतन चर्चित, विनीत चौहान, विष्णु सक्सेना और सुंदर कटारिया काव्यपाठ करेंगे। ये कवि अपनी ओजस्वी और सरस रचनाओं से विजयश्री रंगमंच पर काव्य संध्या को खास बनाएंगे। कार्यक्रम रात 8:30 बजे से शुरू होगा।
साहित्यिक आयोजन से पहले मंगलवार दोपहर 12 बजे से नगर निगम कार्यालय परिसर में रंगोली, मांडना और मेहंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी अपनी कलात्मक क्षमता और पारंपरिक लोक कलाओं का प्रदर्शन करेंगे।
वहीं, शाम 7 बजे विजयश्री रंगमंच पर साफा-कोटा पाग प्रतियोगिता आयोजित होगी। यह प्रतियोगिता राजस्थानी संस्कृति की आन-बान-शान को समर्पित रहेगी। इसमें कोटा की सुप्रसिद्ध पाग और पारंपरिक साफा बांधने की कला का प्रदर्शन किया जाएगा।
राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 के मंगलवार के कार्यक्रमों में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के साथ पारंपरिक कला प्रतियोगिताओं को भी स्थान दिया गया है। साहित्यिक प्रस्तुतियों और साफा-पाग की परंपरा के जरिए मेले के मंच पर साहित्य, लोक कला और राजस्थानी सांस्कृतिक विरासत की विविध झलक देखने को मिलेगी।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
