प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों जैसलमेर, बाड़मेर एवं गोटन का भी लोकार्पण किया जाएगा।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पंजाब के जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से इन पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जोधपुर मंडल के इन तीनों स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।

पुनर्विकसित जैसलमेर, बाड़मेर एवं गोटन रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन भवनों को आकर्षक एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है। यहां बेहतर प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, बेहतर पहुंच मार्ग तथा सौंदर्यीकरण के कार्य किए गए हैं।

इन स्टेशनों के डिजाइन में स्थानीय कला एवं संस्कृति को भी स्थान दिया गया है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का अनुभव भी मिलेगा। पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आधुनिक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

रेलवे के अनुसार, इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय विकास, पर्यटन, व्यापार तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की संभावना है। लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर जैसलमेर, बाड़मेर एवं गोटन रेलवे स्टेशनों पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहेंगे।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित ये रेलवे स्टेशन यात्रियों की बदलती जरूरतों के अनुरूप बेहतर सुविधाओं और आधुनिक व्यवस्थाओं के साथ नई पहचान हासिल करेंगे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story