श्रावण मास में 21 जोड़ों ने किया रुद्राभिषेक, मंगलमुखी हनुमान मंदिर में गूंजे भोलेनाथ के जयकारे
जयपुर के विधाधर नगर स्थित श्री मंगलमुखी हनुमान मंदिर में श्रावण मास के दौरान 21 जोड़ों ने रुद्राभिषेक किया। पण्डित ज्ञानमूर्ति दिवाकर शास्त्री के सानिध्य में विशेष पूजा-अर्चना और विभिन्न द्रव्यों से अभिषेक संपन्न हुआ।

तस्वीर में जयपुर के श्री मंगलमुखी हनुमान मंदिर में पंडित ज्ञानमूर्ति दिवाकर शास्त्री के सानिध्य में बैठे श्रद्धालु और रुद्राभिषेक करते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं।
जयपुर। प्रसिद्ध भागवत कथावाचक पण्डित ज्ञानमूर्ति दिवाकर शास्त्री के सानिध्य में श्रावण मास के अवसर पर विधाधर नगर कृष्णा कालोनी स्थित श्री मंगलमुखी हनुमान मंदिर में रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 21 जोड़ों ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया, जिससे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयकारे गूंज उठे।
पण्डित ज्ञानमूर्ति दिवाकर शास्त्री ने बताया कि श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्ति के लिए रुद्राभिषेक का विशेष महत्व है। इस अवसर पर सभी बीमारियों को दूर करने और लक्ष्मी जी की प्राप्ति के लिए गन्ने के रस से, विवाह के लिए केसर हल्दी मिश्रित जल से, विद्या एवं बुद्धि के लिए शर्करा मिश्रित जल से, विजय प्राप्ति के लिए जया जड़ी से, संतान प्राप्ति के लिए गोपय तथा घर में सुख-शांति के लिए दुग्ध जल सहित अलग-अलग द्रव्यों से अभिषेक किया गया।
कार्यक्रम में विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के बाद भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। पण्डित शास्त्री ने कहा कि श्रावण मास में रुद्राभिषेक करने से सभी संकटों का समाधान संभव है।
रुद्राभिषेक समारोह में विमल बागड़ा उमा, रोहित श्वेता मुद्गल, सुरेंद्र मधु जाजू, मनोहर भाविका गंगवानी, मनोज सुनीता बिड़ला, सुनील अग्रवाल, पवन प्रीति दाधीच, करणीदान सिंह, रामकिशन सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रावण मास के इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
