नोहर, 28 अप्रैल। अरडकी बस स्टैंड मार्ग स्थित गुरुद्वारा शीतलतलाई साहिब से जुड़े करोड़ों रुपए मूल्य के बेशकीमती प्लॉट पर बीती रात कब्जे की कोशिश ने शहर का माहौल गरमा दिया। देर रात हथियारबंद लोगों का एक समूह प्लॉट में घुस आया और वहां मौजूद चौकीदार से मारपीट कर उसे भगा दिया, जिससे इलाके में अचानक अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधन और संगत के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मौके पर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और कब्जे की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी। हालात बिगड़ते देख पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया, जबकि कई लोग मौके से भागने में सफल रहे।

जानकारी के अनुसार यह प्लॉट गुरुद्वारा शीतलतलाई से जुड़े बाबा प्रीतम सिंह के नाम दर्ज बताया जा रहा है। आरोप है कि कुछ लोग खुद को प्रीतम सिंह बताकर इस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश लंबे समय से कर रहे हैं। इस मामले को लेकर पहले भी एफआईआर दर्ज हो चुकी है और विवाद लगातार गहराता जा रहा है।

मंगलवार को जैसे ही घटना की खबर फैली, बड़ी संख्या में संगत मौके पर पहुंची और विरोध जताया। लोगों ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और ताजा घटनाक्रम को लेकर गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से परिवाद भी दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन मामले को लेकर तनाव बना हुआ है।

प्रशिक्षु आरपीएस राजेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। इस मामले में चार जनों से पूछताछ की जा रही है। बाबा बेहतसिंह की सूचना पर अज्ञात जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा सिख समाज के लोग मंगलवार सायं पुलिस थाना पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

यह घटना न केवल संपत्ति विवाद, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़े संवेदनशील मुद्दे के रूप में उभरकर सामने आई है, जिससे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और प्रशासन की सतर्कता बढ़ गई है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story