छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार: सूरजपुर पुलिस ने 21 लाख का गांजा-इंजेक्शन किया नष्ट
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस लाइन में एनडीपीएस एक्ट के 10 मामलों में जब्त 21 लाख के गांजा, प्रतिबंधित इंजेक्शन और कफ सिरप को नष्ट कर दिया गया। क्या है पूरा मामला, जानने के लिए पढ़ें।

सूरजपुर पुलिस लाइन में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पुलिसकर्मी जब्त किए गए गांजा और नशीले पदार्थों की जांच और दस्तावेजीकरण कर रहे हैं।
सूरजपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 21 लाख रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया है। पुलिस लाइन परिसर में जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में अस्थायी भट्ठे में यह पूरी कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुसार वीडियोग्राफी एवं दस्तावेजीकरण के साथ संपन्न कराई गई। पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 10 अलग-अलग प्रकरणों में जब्त 32 किलो 247 ग्राम गांजा, 45 गांजा के पौधे, 590 प्रतिबंधित इंजेक्शन, 176 कफ सिरप एवं 2,592 कैप्सूल को जलाकर नष्ट किया गया। इन मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख रुपये आंकी गई है।
डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय की अधिसूचना तथा छत्तीसगढ़ शासन के 21 नवंबर 2024 के निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्ती बरती जा रही है और भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। नष्टीकरण की यह प्रक्रिया डीआईजी एवं एसएसपी की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, जिला आबकारी अधिकारी अनिल मित्तल, पर्यावरण संरक्षण मंडल तथा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, निरीक्षक जावेद मियादांद, प्रधान आरक्षक आशाराम लकड़ा, आरक्षक सोहेल राजा, उदय सिंह समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे। सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों और विशेषकर युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि जिले में नशे के अवैध नेटवर्क को तोड़ने के लिए यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
