मुंबई के जवेरी बाजार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में महाराष्ट्र के ज्वेलरी व्यापारियों ने व्यापारिक हितों की सुरक्षा और संगठनात्मक मजबूती को लेकर प्रस्तावित ज्वेलर्स एसोसिएशन के गठन पर विस्तार से मंथन किया। बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा, प्रशासनिक स्तर पर आने वाली समस्याओं और भयमुक्त व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई।

शिवसेना के महासचिव संजय मोरे के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में व्यापारी नेता दिनेश वडालमिया जैन ने जवेरी बाजार सहित पूरे महाराष्ट्र के ज्वेलरी व्यापारियों के समक्ष प्रशासनिक स्तर पर आने वाली समस्याओं, व्यापारियों की सुरक्षा, भयमुक्त व्यापारिक वातावरण तथा व्यापारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए एक मजबूत और संगठित मंच की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो व्यापारी हितों की रक्षा के लिए जनआंदोलन भी किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए शिवसेना के महासचिव संजय मोरे ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान महाराष्ट्रभर के ज्वेलरी व्यापारियों को संगठित करने के उद्देश्य से शिवसेना के सहयोग से ज्वेलर्स एसोसिएशन के गठन की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि प्रस्तावित संगठन व्यापारियों की समस्याओं को संगठित रूप से सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

बैठक में मुंबादेवी-जवेरी बाजार के व्यापारी सूरज भाई सिंह, विजय भाई गुप्ता, शिवसेना के प्रवक्ता अविनाश बर्वे, अनिल सिंघल, राकेश लोढ़ा, साहिल जैन सहित अनेक व्यापारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। यह बैठक व्यापारियों के साझा हितों की सुरक्षा और उनके मुद्दों को संगठित रूप से आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story