बांद्रा में FDI कार्यालय के बाहर कल दूध कारोबारियों का धरना, नए नियमों के विरोध में मेवाड़ एकजुट
बांद्रा स्थित FDI कार्यालय के बाहर 17 जुलाई को दूध कारोबारी धरना देंगे। मेवाड़ एकता फाउंडेशन नए नियमों के विरोध में सरकार को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखेगा।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) दूध कारोबारी और मेवाड़ एकता फाउंडेशन के पदाधिकारी, शिवसेना नेता संजय निरूपम और राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा को बालासाहेब भवन में एक पत्र सौंप रहे हैं।
महाराष्ट्र सरकार द्वारा खुले दूध के व्यवसाय को लेकर लागू किए जा रहे नए नियमों के विरोध में मेवाड़ के दूध कारोबारियों का आंदोलन तेज हो गया है। इसी क्रम में मेवाड़ एकता फाउंडेशन के अध्यक्ष जिवन सिंगवी एवं अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में शुक्रवार, 17 जुलाई को बांद्रा स्थित महाराष्ट्र सरकार के FDI विभाग के समक्ष धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मेवाड़ एकता फाउंडेशन के उपाध्यक्ष भंवरलाल जोशी ने बताया कि इस आंदोलन में पूरी मुंबई के दूध कारोबारी साइकिलों के साथ बांद्रा पहुंचेंगे। वहां सभी कारोबारी शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन करेंगे और विभाग के आला अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखेंगे।
इससे पहले फाउंडेशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने चर्चगेट स्थित बालासाहेब भवन में राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा और शिवसेना नेता संजय निरूपम से मलाड में मुलाकात कर सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने खुले दूध की बिक्री पर प्रस्तावित नियमों से छोटे एवं मध्यम दूध वितरकों को होने वाले आर्थिक नुकसान और व्यावहारिक कठिनाइयों की विस्तृत जानकारी देते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तक उनकी मांगें पहुंचाने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नए नियमों के लागू होने से हजारों प्रवासी मेवाड़ी परिवारों सहित उत्तरप्रदेश और बिहार के लोगों की आजीविका प्रभावित होने की आशंका है। इस पर संजय निरूपम ने प्रतिनिधिमंडल को पूरा सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि दूध कारोबारियों की जायज मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
मेवाड़ एकता फाउंडेशन ने सभी दूध व्यवसायियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर एकजुटता का परिचय देने का आह्वान किया है। इस अवसर पर शिवसेना राजस्थान प्रकोष्ठ के समन्वय अधिकारी दिलीप साकरिया, मध्य मुंबई अध्यक्ष भरत राजपुरोहित, कल्याण शाखा अध्यक्ष मुरली रावल, अंधेरी शाखा अध्यक्ष लिलेश व्यास, प्रमुख कोषाध्यक्ष दुर्गेश मेहता, संगठन मंत्री नरेश जोशी, संरक्षक नंदकिशोर बागोरा, नागदा राजपुरोहित ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष जगदीश राजपुरोहित, कांदिवली शाखा उपाध्यक्ष किशन व्यास सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं दूध व्यवसायी उपस्थित रहे। आगामी धरना-प्रदर्शन को लेकर कारोबारियों की एकजुटता अब इस आंदोलन का प्रमुख केंद्र बन गई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
