बेगूं नगर पालिका क्षेत्र में संचालित अन्नपूर्णा रसोइयों की व्यवस्थाओं की जांच में कई महत्वपूर्ण खामियां सामने आई हैं। नगर पालिका प्रशासक एवं उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया के नेतृत्व में तीनों अन्नपूर्णा रसोइयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नए बस स्टैंड स्थित अन्नपूर्णा रसोई में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर ऑपरेटर को हटाने के निर्देश दिए गए।

उपखंड अधिकारी के निर्देशन में अधिशासी अधिकारी एवं तहसीलदार गोपाल जीनगर ने राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार निरीक्षण प्रपत्र भरकर रसोइयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



निरीक्षण के दौरान नए बस स्टैंड स्थित अन्नपूर्णा रसोई में कई कमियां सामने आईं। यहां मैन्यू के अनुसार 600 ग्राम भोजन उपलब्ध मिला, लेकिन निर्धारित 300 ग्राम चपातियां नहीं मिलीं। अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता को खराब पाया। इसके अलावा रसोई के अंदर साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। बाहर स्थित बैठक स्थल पर भी स्वच्छता व्यवस्था असंतोषजनक मिली।

जांच में यह भी सामने आया कि गत माह जारी किए गए कूपनों में लाभार्थियों के मोबाइल नंबर दर्ज नहीं किए जा रहे थे। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया ने संबंधित ऑपरेटर को हटाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान भोजन तैयार करने में उपयोग किए जा रहे आटा, दाल, सब्जी, चावल, मसाले और तेल की गुणवत्ता की भी जांच की गई। जांच में इन सामग्रियों की गुणवत्ता खराब पाई गई। अधिकारियों ने बताया कि चावल और मिर्च में कीटाणु मिले।

उप जिला अस्पताल स्थित अन्नपूर्णा रसोई की जांच में भोजन तैयार करने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं मिली। जांच के दौरान सामने आया कि यहां नए बस स्टैंड स्थित अन्नपूर्णा रसोई से भोजन लाकर वितरित किया जा रहा था, जिसे अधिकारियों ने निर्धारित नियमों के विरुद्ध माना।

वहीं पुराने बस स्टैंड स्थित अन्नपूर्णा रसोई का संचालन निरीक्षण में संतोषजनक पाया गया। यहां भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाएं राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप मिलीं।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को सभी कमियों को शीघ्र दूर करने और राज्य सरकार के निर्धारित मानकों के अनुसार अन्नपूर्णा रसोइयों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story