चंद्रपुर में बाघ का हमला: 24 घंटे में किसान और महिला की मौत, दहशत
सिंदेवाही क्षेत्र में खेत में काम कर रही महिला पर बाघ ने किया हमला। पिछले 24 घंटों में दो लोगों की मौत से ग्रामीणों में दहशत और सुरक्षा पर उठे सवाल।

चंद्रपुर के सिंदेवाही क्षेत्र में बाघ के हमले में जान गंवाने वाली प्रमिला दिख रही हैं।
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के सिंदेवाही क्षेत्र में बाघ के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। महज 24 घंटे के भीतर दो लोगों की मौत से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। शनिवार को किसान की मौत के बाद अब बाघ के हमले में एक महिला की जान जाने की घटना सामने आई है। लगातार हो रहे इन हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, खेत में काम कर रही प्रमिला पर बाघ ने उस समय हमला कर दिया, जब उनके पति खेत के दूसरे हिस्से में फसल को पानी दे रहे थे। प्रमिला अपने पति से कुछ दूरी पर थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला किया और उन्हें अपना शिकार बना लिया। कुछ समय बाद जब पति को पत्नी दिखाई नहीं दीं, तो घटना का पता चला।
इस घटना के बाद सिंदेवाही क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन-चार दिनों से पळसगाव जाट, भेंडारा और खातगांव क्षेत्र में बाघ की मूवमेंट देखी जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने कई बार बाघ के दिखाई देने की जानकारी दी थी, लेकिन क्षेत्र में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
चंद्रपुर जिले में 24 घंटे के भीतर दो लोगों की मौत ने मानव-बाघ संघर्ष की गंभीर स्थिति को सामने ला दिया है। खेतों में काम करने वाले किसानों और ग्रामीणों के बीच भय का माहौल है। सिंदेवाही और आसपास के गांवों में बाघ की लगातार मौजूदगी के बीच लोगों की सुरक्षा का सवाल भी गंभीर हो गया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
