गंगापुर/भीलवाड़ा। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की "संगठन साथ–संवाद यात्रा" के अंतर्गत गुरुवार को तेरापंथ सभा भवन, गंगापुर में परिषद संवाद कार्यक्रम का आयोजन अंकित महता की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सहमंत्री द्वितीय अंकुर लूनिया के नेतृत्व में तेयुप मेवाड़ टीम ने सहभागिता करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।

कार्यक्रम में तेरापंथ युवक परिषद गंगापुर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुलदीप मारू, तुषार सुराणा, अभिषेक आंचलिया तथा शाखा प्रभारी हिमांशु रांका ने परिषद के विभिन्न आयामों, संगठन की कार्यप्रणाली, सेवा एवं संस्कार आधारित गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं का मार्गदर्शन किया।

राष्ट्रीय सहमंत्री द्वितीय अंकुर लूनिया ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने परिषद के प्रत्येक सदस्य से आगामी सीपीएस अधिवेशन, एटीडीसी तथा परिषद के सभी आध्यात्मिक, रचनात्मक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके समर्पण से परिषद नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।

बैठक के दौरान संगठन को अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाने, सदस्यता विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा परिषद की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के विषय में भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में तेरापंथ युवक परिषद गंगापुर की संपूर्ण कार्यकारिणी सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। सकारात्मक संवाद, संगठनात्मक चिंतन और प्रेरणादायी वातावरण के बीच परिषद संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें संगठन को अधिक सशक्त बनाने की दिशा में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story