सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम साथिनों ने सोमवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम गंगापुर उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़ी विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में 22 जुलाई 2026 को जारी उस कार्यालय आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की गई है, जिसके तहत ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत साथिनों की बैठकों का स्थान ग्राम पंचायत कार्यालय से बदलकर मुख्य आंगनबाड़ी केंद्र कर दिया गया है।

ज्ञापन में ग्राम साथिनों ने कहा कि वे ग्राम पंचायत स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, पोषण, जनजागरूकता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के आदेशों के अनुसार साथिनों के सुझाव, बैठकें और कार्य ग्राम पंचायत स्तर पर ही संचालित किए जाने चाहिए, लेकिन हाल ही में जारी आदेश से यह व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

साथिनों ने अपने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि वे महिला अधिकारिता विभाग की मानदेय कार्मिक हैं, जबकि आंगनबाड़ी केंद्र आईसीडीएस व्यवस्था का हिस्सा है। उनका कहना है कि बैठकों का स्थान परिवर्तन विभागीय समन्वय के विपरीत है, जिससे उनके कार्यों के संचालन के साथ-साथ महिलाओं तक सरकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच भी प्रभावित होगी।

ज्ञापन में साथिनों ने 22 जुलाई 2026 के आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने, ग्राम पंचायत कार्यालय में नियमित बैठकें आयोजित करने, साथिनों की स्वतंत्र विभागीय पहचान एवं गरिमा सुरक्षित रखने, अन्य विभागों के कार्यों में नहीं लगाने, सामाजिक सुरक्षा एवं सेवाकालीन सुरक्षा प्रदान करने, नियमित सेवा नीति बनाकर पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण एवं प्रशासनिक सहयोग बढ़ाने तथा शहरी क्षेत्रों में भी 'साथिन' पद सृजित करने की मांग उठाई।

साथिनों ने ज्ञापन में यह भी कहा कि प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में वे महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर विभागीय व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र की बड़ी संख्या में ग्राम साथिनें मौजूद रहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री से उनकी सभी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story