भीलवाड़ा जिले के ग्रामीण इलाकों में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शाहपुरा की रामनगर कॉलोनी में रविवार रात चोरों ने एक ही रात में मकान मालिक और किरायेदार के घरों को निशाना बनाकर 30 लाख रुपये से अधिक के माल पर हाथ साफ कर दिया। बदमाश दूसरी मंजिल के कमरों के ताले तोड़कर 14 तोला सोना, 4.50 लाख रुपये नकद और करीब आधा किलो चांदी चोरी कर ले गए। मकान मालिक के घर से भी नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी हुए हैं। वारदात के दौरान दो संदिग्ध सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। पुलिस एफएसएल और एमओबी टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, बच्छखेड़ा निवासी मेडिकल स्टोर संचालक पारस गोखरू शाहपुरा की रामनगर कॉलोनी में कंपाउंडर राजेश धाकड़ के मकान में किराये से रहते हैं। रविवार रात गोखरू अपनी बेटी को श्वांस की दवा पिलाने सांगानेर क्षेत्र स्थित खाखरा बालाजी गए हुए थे। वहीं, मकान मालिक राजेश पंडेर में रहते हैं। दोनों के घर पर मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

पारस गोखरू के मुताबिक, रात करीब 12:37 बजे दो चोर मकान में घुसे। इसके बाद बदमाशों ने दूसरी मंजिल पर स्थित कमरों के ताले तोड़कर तलाशी ली और घर में रखे 14 तोला सोना, 4.50 लाख रुपये नकद तथा करीब आधा किलो चांदी चोरी कर ली। चोरी गए माल की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।

किरायेदार के घर में चोरी करने के बाद बदमाशों ने मकान मालिक राजेश धाकड़ के मकान को भी निशाना बनाया। चोरों ने यहां दरवाजे तोड़कर दो हजार रुपये नकद सहित सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। रात 12:37 बजे से 1:17 बजे तक करीब 40 मिनट के दौरान दो घरों में हुई वारदात से कॉलोनी में दहशत फैल गई।

पारस गोखरू ने बताया कि रात को सांगानेर से घर लौटने पर कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर नकदी और जेवर गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में दो संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए हैं।

पुलिस ने सोमवार को घटनास्थल पर एफएसएल और एमओबी टीमों को बुलाया। दोनों टीमों ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब वारदातस्थल तक आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए माल की बरामदगी बाकी है।

भीलवाड़ा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। जानकारी के अनुसार, फूलियाकलां थाना क्षेत्र में तीन से चार वारदातें हो चुकी हैं। वहीं, दो दिन पहले रायला थाना क्षेत्र के ईरांस गांव में भी इसी तरह चोरी की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही वारदातों और आरोपियों का सुराग नहीं मिलने से ग्रामीणों में भय और नाराजगी बढ़ रही है।

रामनगर कॉलोनी में एक ही रात दो घरों में हुई चोरी ने ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के माल की चोरी और सीसीटीवी में संदिग्धों के दिखाई देने के बाद अब पुलिस की जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं। ग्रामीणों को चोरियों से राहत दिलाने के लिए आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी अहम बनी हुई है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story