जिला कांग्रेस की अहम बैठक कल, पंचायत राज और निकाय चुनाव रणनीति पर होगा मंथन
भीलवाड़ा देहात कांग्रेस की 3 अगस्त को होने वाली साधारण सभा में पंचायत राज व निकाय चुनावों की रणनीति और संगठन मजबूती पर चर्चा होगी।

आगामी पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (देहात) की महत्वपूर्ण साधारण सभा की बैठक सोमवार, 3 अगस्त 2026 को आयोजित होगी। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और चुनावी रणनीति को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) के जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने बताया कि साधारण सभा की यह बैठक प्रातः 11:00 बजे सोनी (माहेश्वरी) धर्मशाला, हरणी महादेव, भीलवाड़ा में आयोजित की जाएगी।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करना, कार्यकर्ताओं से आवश्यक सुझाव प्राप्त करना और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना है। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले के कांग्रेस प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, पीसीसी सदस्य, वर्तमान व पूर्व विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व जिला प्रमुख, पूर्व प्रधान, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष व पार्षदगण, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, इकाई अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी एवं अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी तथा सहकारिता व स्थानीय निकायों के वर्तमान व पूर्व प्रतिनिधि मुख्य रूप से शामिल होंगे।
जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने जिले के सभी कांग्रेसजनों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में समय पर पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है। आगामी पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनावों को देखते हुए यह बैठक संगठन की तैयारियों और रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
